
कांग्रेस नेता ने कहा—गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का दावा करने वाली सरकार वहां व्यवस्थाएं विकसित करने को लेकर गंभीर नहीं; दो दिवसीय सत्र की अवधि बढ़ाने की भी मांग
देहरादून । उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 और 28 अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र से पहले सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने विधानसभा सत्र की कार्यवाही निर्धारित करने के लिए कार्यमंत्रणा समिति की बैठक देहरादून में बुलाए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए बैठक गैरसैंण में आयोजित करने तथा विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग की है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति के सदस्य प्रीतम सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने का श्रेय लेती है, वहीं दूसरी ओर विधानसभा सत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक देहरादून में आयोजित की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा का सत्र भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में होना है, तो सत्र की कार्यवाही और कार्यसूची तय करने वाली कार्यमंत्रणा समिति की बैठक भी वहीं क्यों नहीं बुलाई जा रही है?
प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार का यह निर्णय विरोधाभासी है और इससे गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित करने की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं। उनके मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि गैरसैंण में सत्र आयोजित करना महज औपचारिकता बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा तो करती है, लेकिन वहां राजधानी के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने और नियमित रूप से विधानसभा सत्र आयोजित करने के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है।
दो दिन के सत्र में जनहित के मुद्दों पर चर्चा कैसे होगी?
कांग्रेस नेता ने 27 और 28 अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र की अवधि केवल दो दिन रखे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पलायन, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर सदन में व्यापक चर्चा आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याएं उठाने और सरकार से जवाब मांगने का अवसर मिलता है। ऐसे में सत्र की अवधि पर्याप्त होनी चाहिए, ताकि प्रदेश से जुड़े ज्वलंत विषयों पर सार्थक चर्चा हो सके। प्रीतम सिंह ने सवाल किया कि महज दो दिन के सत्र में इतने महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कैसे संभव हो पाएगी।
बैठक गैरसैंण में कराने और सत्र बढ़ाने की मांग
प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार और विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि 24 अक्टूबर को देहरादून में प्रस्तावित कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के स्थान पर पुनर्विचार किया जाए और इसे भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित किया जाए। साथ ही, 27 और 28 अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाई जाए, जिससे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके।
उनके बयान से गैरसैंण में विधानसभा सत्र के आयोजन, राजधानी के अनुरूप सुविधाओं के विकास और सदन की कार्यवाही के लिए पर्याप्त समय दिए जाने को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के संकेत हैं।



