
- मुख्यमंत्री के निर्देशों पर देहरादून के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण
- कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, वरिष्ठ अधिकारी रहे साथ
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड शासन पंकज कुमार पांडेय आज तड़के सुबह 6 बजे मैदान में उतर गए। विभागीय अधिकारियों के साथ उन्होंने देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और सड़क सुधार एवं गड्ढा भराई कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाए। सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
निरीक्षण की शुरुआत प्रातः 6 बजे कालीदास रोड टर्न से हुई। इसके बाद सचिव ने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड एवं गढ़ी कैंट सहित शहर के प्रमुख मार्गों और स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।
गड्ढामुक्त अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग सड़क सुधार कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दे रहा है। सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क सुरक्षा भी बेहतर हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी सहित अभियंता प्रवीण कुश, दीपक, सुरेश तोमर, विपुल सैमी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



