
उत्तरकाशी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटनाओं के कारणों, ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों तथा सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुधार कार्यों एवं की गई कार्रवाई के संबध में संबंधित विभाग को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बीआरओ के अधिकारियों को मातली में चिन्हित स्थान पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। जिससे तेज गति के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इसमें ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर किए गए चालान की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि विजय कुमार, एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल उपस्थित तथा उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, ईई एनएच बड़कोट जितेन्द्र कुमार, बीआरओ सुमित वर्मा, सीएमओ डॉ श्याम विजय सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।



