
देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के बाद दून पुलिस ने थाना रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में चोरी की गई लगभग छह लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, कर्ज चुकाने के लिए आरोपिता ने अपनी ही पुरानी परिचित सहेली के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
घटना और रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को रांझावाला रायपुर निवासी मीना थापा ने थाना रायपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पूजा थापा नाम की महिला ने उनके घर से सोने की ज्वैलरी चोरी कर ली है। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 465/26, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गिरफ्तारी और बरामदगी
गठित पुलिस टीम ने नामजद आरोपिता पूजा थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई दो पीली धातु की चेन और चार पीली धातु की अंगूठियां, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग छह लाख रुपये बताया जा रहा है, बरामद की गईं। बरामदगी के आधार पर आरोपिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुली वजह
पूछताछ में आरोपिता ने बताया कि उस पर कई लोगों का कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपनी पुरानी परिचित मीना थापा के घर में चोरी की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपिता का पीड़िता के घर अक्सर आना-जाना होता था और उसे घर के सामान की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मौका पाते ही ज्वैलरी चोरी कर ली।
गिरफ्तार आरोपिता
गिरफ्तार आरोपिता को पूजा थापा, पत्नी राम बहादुर थापा, निवासी पंचवटी कॉलोनी, कोतवाली रायपुर, देहरादून, उम्र 44 वर्ष बताया गया है। उच्चधिकारीयों ने कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्यों की सराहना की।




