
देहरादून के रायपुर में महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु को हरिद्वार से गिरफ्तार किया।पैसों के विवाद में महिला को डराने पहुंचा था गैंग।
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने के प्रयास के मामले में दून पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ महिला को डराने के इरादे से देहरादून पहुंचा था। मामले में पुलिस पहले ही एक महिला आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को सुषमा शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि नाला पानी चौक के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 394/26 के तहत धारा 126(2), 140(3), 61(2) और 62 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला का पीड़िता से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। पुलिस को घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया।
लगातार दबिश और तलाश के बाद 27 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी प्रियांशु (19) पुत्र स्वर्गीय सुखपाल को नवोदय नगर, हरिद्वार के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रियांशु ने बताया कि उसके साथी दीपक का देहरादून निवासी सुषमा नाम की महिला से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। दीपक के कहने पर वह अपने साथियों आदित्य और लक्की के साथ महिला को डराने के लिए देहरादून आया था।
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी प्रियांशु मूल रूप से ग्राम नगला एहमाद, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार का निवासी है और वर्तमान में अन्नकी, रोशनाबाद, थाना सिडकुल क्षेत्र में रहता है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पवार, कांस्टेबल मनोज तथा एसओजी देहरादून के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।



