
बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ अब हरिद्वार तक चलेगी, रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी जानकारी
देहरादून।उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस को हरिद्वार तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही हरिद्वार–वेरावल और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को भी हरी झंडी मिल गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी।
इस फैसले पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देने में बेहतर रेल संपर्क की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार इन नई सेवाओं से उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी।



