
महानगर के कॉलेजों-विश्वविद्यालयों की छात्राओं ने लिया बढ़-चढ़कर भाग, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों पर हुआ मंथन
देहरादून।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) देहरादून महानगर द्वारा छात्राओं को सशक्त, जागरूक और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक भव्य युवती सम्मेलन ‘शक्ति संगम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महानगर के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. गीता खन्ना, विशिष्ट अतिथि के रूप में एबीवीपी की पूर्व कार्यकर्ता एवं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) की पूर्व महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज, पूर्व प्रदेश मंत्री अभाविप उत्तराखंड डॉ. भावना डोभाल तथा एबीवीपी उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय छात्रा प्रमुख डॉ. प्रिया शर्मा उपस्थित रहीं।
महिला सशक्तिकरण, सामाजिक विषयों और राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने वर्तमान परिदृश्य में महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सामाजिक सरोकारों और देश के विकास में छात्राओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी सिर्फ समाज की सहगामी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता है। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, मानसिक सुदृढ़ता और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब एक युवती सशक्त और शिक्षित होती है, तो वह पूरे परिवार और समाज को दिशा देती है।

पूर्व महासचिव, डीयूएसयू दीप्ति रावत भारद्वाज ने छात्र राजनीति और सामाजिक जीवन में महिलाओं की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को निर्णय लेने की प्रक्रियाओं और नीति निर्माण में आगे आना चाहिए। देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए बेटियों का मुखर और वैचारिक रूप से सजग होना अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. भावना डोभालने समाज में महिलाओं की सांस्कृतिक एवं सामाजिक भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा का संतुलन बनाते हुए छात्राओं को समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
क्षेत्रीय छात्रा प्रमुख, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र डॉ. प्रिया शर्मा ने विद्यार्थी परिषद के ध्येय को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘शक्ति संगम’ केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में बेटियों की असीम ऊर्जा को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि स्वावलंबी, सजग और राष्ट्रवादी सोच से युक्त छात्राएं ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं ने भी सामाजिक विषयों और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी को लेकर अपने विचार रखे और विभिन्न संवाद सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और वन्देमातरम के साथ सम्मेलन का सफल समापन हुआ।




