
महेंद्र भट्ट, दीप्ति रावत और रुचि भट्ट ने कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल, कहा- महिला न्याय की बात करने वाली कांग्रेस अपने ही नेता पर लगे आरोपों पर जवाब दे
देहरादून। कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर जेनी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट ने अलग-अलग बयानों में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद से हटाने और पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिला सम्मान, अधिकार और न्याय की बात करने वाली कांग्रेस को अपने ही वरिष्ठ नेता पर लगे आरोपों के मामले में भी जवाबदेही दिखानी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सार्वजनिक मंचों से महिला अधिकारों और न्याय की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगे हैं तो कांग्रेस नेतृत्व मौन साधे हुए है। जेनी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि 16 वर्ष की उम्र में उनके साथ शोषण और करीब दो महीने तक दुष्कर्म किया गया था। अब 23 वर्ष बाद वह न्याय की मांग कर रही हैं। भट्ट ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों पर कांग्रेस नेतृत्व को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए और बताना चाहिए कि महिला न्याय की बात करने वाले उसके नेता पीड़िता के समर्थन में क्या कदम उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि जेनी ने अपने 23 वर्षीय बेटे के डीएनए टेस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दोबारा जांच की मांग भी की है। यह मामला एक महिला और उसके बेटे की पहचान, सम्मान एवं न्याय से जुड़ा है। इसलिए आरोपों और डीएनए जांच संबंधी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर न्याय सुनिश्चित किया जा सके। भट्ट ने सवाल उठाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद हरक सिंह रावत को कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाए रखने का क्या औचित्य है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से पूछा कि क्या वह हरक सिंह रावत से सार्वजनिक रूप से जवाब मांगेंगे और निष्पक्ष जांच होने तक उन्हें जिम्मेदारी से हटाने पर विचार करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि पार्टी चाहती है कि जेनी को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि पीड़िता को अपनी बात रखने और न्याय मांगने का पूरा अधिकार है। यदि पीड़िता सरकार से किसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा करती हैं तो सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी में थोड़ी भी नैतिकता शेष है तो उसे हरक सिंह रावत को तत्काल चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद से हटाकर पार्टी से भी बाहर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के मुद्दों पर कांग्रेस की ओर से अपनाए जाने वाले दोहरे रवैये पर अब सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट ने हरक सिंह रावत पर लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लगातार भाजपा पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को अब अपने ही वरिष्ठ नेता पर लगे गंभीर आरोपों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अंकिता हत्याकांड में दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की, जबकि कांग्रेस अपने नेताओं को बचाने में लगी रही। रुचि भट्ट ने कहा कि जेनी के हालिया बयान ने कांग्रेस के महिला सम्मान और न्याय से जुड़े दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करेगी और पीड़िता को न्याय मिलेगा।
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि महिला सम्मान और न्याय के मुद्दे पर राजनीतिक दलों का रवैया सभी के लिए समान होना चाहिए। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह जेनी के आरोपों पर क्या रुख अपनाती है और अपने वरिष्ठ नेता के खिलाफ क्या कदम उठाएगी। भाजपा ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



