
देहरादून। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उत्तराखंड के अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आने का उल्लेख करते हुए इस दिन को प्रदेश के स्वाभिमान, संघर्ष और विकास की आकांक्षाओं से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपराएं इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं। चारधाम, पंच केदार, पंच प्रयाग, हेमकुंड साहिब और जागेश्वर धाम जैसे तीर्थस्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।
प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार को विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री ने करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर केंद्र सरकार 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है। इसके साथ ही 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण को भी राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देने वाला प्रोजेक्ट बताते हुए उन्होंने देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के संचालन और बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
धार्मिक पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण तथा बदरीनाथ में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी महत्व दिया जा रहा है। सीमावर्ती गांवों को देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की सराहना की। इन क्षेत्रों में पर्यटन, हस्तशिल्प और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद भी जताई।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रमुख माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि होमस्टे के बढ़ते चलन से ग्रामीण परिवारों की आमदनी के नए रास्ते खुले हैं। राज्य में एडवेंचर, विंटर, वेडिंग और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास भी सराहनीय हैं। हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित किया।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में हुए कार्यों की भी सराहना की। शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, नए केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री स्कूलों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राज्य में पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में हो रही प्रगति को भी रेखांकित किया।
महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट, लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध और सौंग बांध पेयजल योजना जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और धर्मांतरण कानून सहित भू-कानून में पारदर्शिता लाने की दिशा में उठाए गए कदमों की सराहना की। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 100 से अधिक पदक हासिल करने को भी उन्होंने राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके अलावा नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य और फूलदेई जैसे पारंपरिक आयोजनों तथा मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे स्थानीय व्यंजनों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ गांवों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
यह रहा पत्र






