
मालवीय रोड पर एआई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, बोले- तकनीक के सदुपयोग और दुरुपयोग की जानकारी जरूरी
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक बनने जा रही है। ऐसे में जो व्यक्ति एआई की बुनियादी जानकारी से अनभिज्ञ रहेगा, वह भविष्य की प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को एआई के उपयोग, उसके लाभ और संभावित नुकसान की प्राथमिक जानकारी अवश्य होनी चाहिए।
धस्माना सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के मालवीय रोड स्थित एआई प्रशिक्षण केंद्र का रिबन काटकर उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ कदमताल करना समय की जरूरत है। एआई को लेकर आज जिस प्रकार आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं, वैसी ही चिंताएं पहले कंप्यूटर और सुपर कंप्यूटर के आगमन के समय भी जताई गई थीं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि जब अस्सी के दशक में वे देश में कंप्यूटर तकनीक को बढ़ावा दे रहे थे, तब विपक्ष ने यह आशंका जताई थी कि कंप्यूटर के आने से बड़े पैमाने पर बेरोजगारी बढ़ेगी। लेकिन आज सूचना प्रौद्योगिकी का क्षेत्र देश में युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों का सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभरा है।
धस्माना ने कहा कि वर्तमान में एआई को लेकर भी मानव अस्तित्व और रोजगार पर खतरे जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, तकनीक का सही इस्तेमाल उसे अवसरों में बदल सकता है। उन्होंने जोर दिया कि आने वाली पीढ़ियों को एआई के इस्तेमाल के तरीकों के साथ-साथ उसके फायदे, नुकसान और दुरुपयोग के प्रति भी जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण की व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल, वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद कुमार, क्षेत्रीय पार्षद मनोज जाटव, संस्थान के निदेशक अर्जुन शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, कनिका नेगी, कृष्ण शर्मा, ओपी शर्मा, दीपक नौटियाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



