
मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए उपकरण, बोले मुख्यमंत्री- श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता
देहरादून। आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से हरिद्वार के मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के तहत उपलब्ध कराए जा रहे इन उपकरणों का उद्देश्य कुंभ क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करना और श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत व्यवस्था होना बेहद आवश्यक है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए जा रहे उपकरण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार देने के साथ ही मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में सरकारी विभागों के साथ सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। सीएसआर के माध्यम से मिलने वाला सहयोग जनहित में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के आपसी समन्वय से कुंभ मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।




