
देहरादून। दून पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भाग गया था और भारत लौटने के बाद भी वह पुलिस की नजरों से छिपकर गेस्ट हाउस में रह रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी बृजमोहन सिंह सिन्धवाल ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर युवराज क्षेत्री के साथ 85 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की थी। वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई भाग गया था।
थाना प्रेमनगर पुलिस की टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। हाल ही में पुलिस को उसके भारत वापस आने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए जाल बिछाया और आरोपी को 25 सितंबर की देर शाम रिस्पना रोड स्थित बद्री विशाल गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के नेतृत्व में एसओजी के सदस्य भी शामिल रहे।



