
रायपुर में गांजा तस्करी के आरोपी समेत चार हुड़दंगी पकड़े गए, पटेलनगर में महिला से 200 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद
देहरादून।राजधानी देहरादून में नशा तस्करी, अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रायपुर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब तीन किलो गांजा बरामद किया, जबकि नेहरूग्राम क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक महिला को 200 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को रायपुर थाना पुलिस ने सपेरा बस्ती क्षेत्र से अकरम (32) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के हटवास का निवासी है और वर्तमान में रायपुर रोड स्थित सपेरा बस्ती में रह रहा था। उसके कब्जे से 2 किलो 956 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नेहरूग्राम में सड़क पर हंगामा, चार हिरासत में
रायपुर थाना पुलिस को 9 अक्टूबर की रात नेहरूग्राम के पास कुछ युवकों के सड़क पर एकत्र होकर हंगामा करने और आपस में मारपीट करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने और मारपीट पर उतारू होने के बाद शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में चार लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें गौरव जोशी (26), नकूल (36), अतुल (34) और शिवम (40) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चारों देहरादून के रायपुर क्षेत्र के निवासी हैं। इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई की गई।

पटेलनगर में महिला गिरफ्तार, 200 टेट्रा पैक शराब बरामद
उधर, पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने 9 अक्टूबर को नियमित चेकिंग के दौरान बाजार पटेलनगर क्षेत्र से सीता देवी (45) को गिरफ्तार किया। वह ब्रह्मपुरी क्षेत्र की निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध देशी शराब के 200 टेट्रा पैक बरामद किए। इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




