
विकासनगर। जिला बदर किए जाने के आदेश का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले देहरादून लौटने के आरोप में विकासनगर पुलिस ने राहुल कश्यप (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, देहरादून के जिला मजिस्ट्रेट ने 4 मई 2026 को राहुल को गुंडा अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिला बदर किया था। इसके बावजूद वह अवधि पूरी होने से पहले जिले में रह रहा था। पुलिस ने उसे मलूकावाला स्थित नशा मुक्ति केंद्र के बाहर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने राहुल के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 336/2026, धारा 3(1)/10, गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके विरुद्ध वर्ष 2023 से 2025 के बीच आर्म्स एक्ट, चोरी, आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में डाकपत्थर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल पदम और कपिल जोशी शामिल थे।




