
डिस्पेंसरी रोड, तहसील चौक और पलटन बाजार में चला अभियान, नो-पार्किंग में खड़े 50 वाहनों पर कार्रवाई
देहरादून। त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और बाजारों में लोगों की आवाजाही आसान करने के लिए दून पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग और अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। गुरुवार को कोतवाली नगर पुलिस ने डिस्पेंसरी रोड, तहसील चौक और पलटन बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले 50 वाहन चालकों के चालान किए। वहीं, दुकानों के बाहर फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर सामान रखकर आवागमन बाधित करने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में मुख्य मार्गों, बाजारों और चौराहों पर यातायात का दबाव कम करना तथा अस्थायी अतिक्रमण पर रोक लगाना है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क पर बेतरतीब तरीके से और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर 50 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा, दुकानों के बाहर और सार्वजनिक मार्गों पर सामान फैलाकर लोगों की आवाजाही बाधित करने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इन दुकानदारों पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और दुकानों के बाहर फुटपाथों एवं सार्वजनिक रास्तों पर सामान न रखें, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।



