
डीजीपी ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ
देहरादून। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पुलिस लाइन देहरादून में एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचार और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र हेतु नामित 48 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (एलओ), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



