
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देश पर लंबित गुमशुदगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए कोटद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने डेढ़ साल से अधिक समय से लापता चल रही 24 वर्षीय युवती को सहारनपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली कोटद्वार में 20 जनवरी 2025 को एक महिला ने शिकायती पत्र देकर बताया था कि उनकी 24 वर्षीय बेटी 14 जनवरी 2025 को बिना बताए घर से चली गई है। इस पर गुमशुदगी क्रमांक 02/2025 दर्ज किया गया। युवती की तलाश के लिए डीसीआरबी, एएचटीयू के माध्यम से जानकारी साझा की गई, पंपलेट बांटे गए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में इस मामले में मु0अ0सं0 78/2025 धारा 140(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद 24 अक्टूबर 2026 को टीम ने युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया कि युवती का सहारनपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते वह घर से गई थी। बाद में उसने युवक से शादी कर ली और परिवार के साथ रह रही थी। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद युवती को परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र भट्ट, कांस्टेबल रविन्द्र भट्ट और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।




