
सुरेंद्र कुकरेती को बैठक में शामिल होने का न्योता, 4 अक्टूबर को रायपुर में जुटेंगी क्षेत्रीय ताकतें
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच क्षेत्रीय राजनीति को लेकर एक नई पहल सामने आई है। उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक की ओर से उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के नाम खुला पत्र जारी कर क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने और विधानसभा चुनाव में साझा प्रत्याशी उतारने की संभावना पर मंथन का आह्वान किया गया है।
खुले पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय दलों को चुनौती देने के लिए क्षेत्रीय दलों के बीच समन्वय जरूरी है और प्रत्येक विधानसभा सीट पर क्षेत्रीय दलों द्वारा समर्थित एक साझा प्रत्याशी उतारने की दिशा में विचार किया जाना चाहिए।
इसी उद्देश्य से 4 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित डोभाल चौक कार्यालय में चिंतन-मंथन बैठक आयोजित की जा रही है। पत्र में उक्रांद केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती से स्वयं अथवा अपने प्रतिनिधियों को बैठक में भेजने का अनुरोध किया गया है।
बैठक का पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ‘विचार मंथन’ होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक ‘राजनीतिक निष्कर्ष’ सत्र प्रस्तावित है। शाम 4 बजे के बाद चाय और प्रेस वार्ता रखी गई है।
पत्र में उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक शक्तियों को एक मंच पर लाकर 2027 के चुनावी समीकरणों पर चर्चा करने की बात कही गई है।
यह खुला पत्र आशुतोष नेगी, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक एवं संयोजक, उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस (UDA), तथा ऋषभ नेगी, सह-संयोजक UDA की ओर से जारी किया गया है।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि उक्रांद की ओर से इस निमंत्रण पर क्या प्रतिक्रिया आती है और 4 अक्टूबर की बैठक में उसकी मौजूदगी रहती है या नहीं। 2027 के चुनाव से पहले क्षेत्रीय दलों के बीच संवाद और संभावित तालमेल की दिशा में यह पहल फिलहाल चर्चा का विषय बन गई है।



