
प्रदेशभर में उमड़ा जनसैलाब, 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा घेराव में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेशभर में संचालित उत्तराखंड न्याय यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में आयोजित यात्राओं में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भागीदारी की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं लखपत बुटोला के नेतृत्व में थराली विधानसभा क्षेत्र के नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कर्णप्रयाग एवं गौचर तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली गई।
वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी एवं विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित की गई।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई। वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में हरिद्वार शहर एवं हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित हुई।
कांग्रेस पार्टी ने दावा किया कि न्याय यात्राओं में उमड़े जनसमर्थन ने प्रदेश की जनता के बीच भाजपा सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष को उजागर किया है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी एवं महिला विरोधी नीतियों, युवाओं से जुड़े मुद्दों, बदहाल कानून व्यवस्था और लचर स्वास्थ्य सेवाओं से परेशान है तथा बदलाव चाहती है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 27 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।




