
मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना
देहरादून। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने मां भगवती से उत्तराखंड में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने के साथ ही सभी प्रदेशवासियों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को श्रद्धा, आस्था और शक्ति की उपासना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में विशेष स्थान रखता है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

आस्था और भक्ति का पर्व है नवरात्र
नवरात्र के पहले दिन से ही प्रदेश के मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ तथा धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता की कामना कर रहे हैं। पर्व के दौरान देवी के नौ स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
मुख्यमंत्री धामी ने भी इस पावन अवसर पर प्रदेश में शांति, समृद्धि और सामाजिक खुशहाली की कामना करते हुए सभी के जीवन में सुख एवं उत्तम स्वास्थ्य बने रहने की प्रार्थना की।



