
देहरादून। नर्सिंग अभ्यर्थियों को स्टाइफंड दिए जाने की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज होने जा रहा है। सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में स्टाइफंड का मुद्दा नहीं उठाए जाने से नर्सिंग अभ्यर्थियों में नाराजगी है। इसके विरोध में नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले प्रदेशभर के नर्सिंग अभ्यर्थी 11 अक्टूबर को बिंदाल पुल से स्वास्थ्य मंत्री आवास, यमुना कॉलोनी तक कूच करेंगे।
नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग अभ्यर्थी लंबे समय से स्टाइफंड दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में सरकार की ओर से पूर्व में आश्वासन भी दिया गया था। अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि कैबिनेट बैठक में उनकी मांग से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा, लेकिन बैठक में मुद्दा नहीं रखे जाने से उनमें रोष है।
मंच ने कहा कि 11 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों से नर्सिंग अभ्यर्थी देहरादून पहुंचेंगे। इसके बाद बिंदाल पुल से स्वास्थ्य मंत्री आवास तक कूच कर सरकार के समक्ष अपनी मांग रखेंगे। अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द स्टाइफंड के संबंध में ठोस निर्णय लेने की मांग की है।



