
देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र में मत्स्य निदेशालय परिसर से बिजली के तार चोरी करने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर गठित पुलिस टीम ने घटना को अंजाम देने वाले 29 वर्षीय शातिर चोर प्रदीप चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी किया गया बिजली का तार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को वादनी शिल्पा त्यागी, निवासी तरला नागल, छोटी किरसाली चौक, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून ने थाना रायपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मत्स्य निदेशालय परिसर से बिजली के तार चोरी किए गए हैं। इस पर थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 458/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत पंजीकृत किया गया।
चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए थाना रायपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 28 अक्टूबर को आरोपित प्रदीप चौहान पुत्र रामेश्वर चौहान, निवासी ग्राम ब्रहमपुरी, काला ग्राउंड के पास, थाना पटेलनगर, देहरादून, को महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज गेट नंबर 2 से श्मशान घाट की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे तथा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने मत्स्य निदेशालय परिसर से बिजली के तार चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपित चोरी किए गए तार को बेचने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से केईआई केबल कंपनी का चोरी किया गया तार बरामद किया गया है।
गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी मालदेवता उपनिरीक्षक दीपक पंवार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सोबन राणा, कांस्टेबल शाहिद जमाल और कांस्टेबल कर्ण पाल शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि आरोपित के विरुद्ध आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



