
देहरादून। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई तथा इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य कार्यालयों में भी शपथ के माध्यम से राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को बनाए रखने, संरक्षित एवं सुदृढ़ करने तथा देश की एकता और समर्पण की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन कलेक्ट्रेट से जोशियाडा हेलीपेड तक किया गया। जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ में पीआरडी स्वयंसेवकों एवं क्रीड़ा विभाग के प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया। रन फॉर यूनिटी के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में आंशिक मराठा प्रथम, आंशिक चौहान द्वितीय और महक नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में जयराज प्रथम, नितिन द्वितीय और सुमित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सीवीओ एचएस बिष्ट, डीईएसटीओ अतुल आनंद, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



