
देहरादून। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या बुधवार को ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् कैंप’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ गीत के साथ किया गया। इस कैंप में देश के 6 राज्यों से आए 150 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज देश की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् जैसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति, मातृभूमि और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों से जोड़ते हैं और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करते हैं। इस कैंप के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता की भावना मजबूत होगी। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति और जीवनशैली को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि आप सभी युवा देश के भविष्य हैं। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेकर जाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्य निदेशक राहुल डबराल, राज्य नोडल अधिकारी (NSS) सुनैना रावत, उपनिदेशक अविनाश सिंह, सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक सहित विभिन्न राज्यों से आए युवा मौजूद रहे।



