
उत्तरकाशी । दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
सुबह सबसे पहले वे तिलोथ स्थित गंगोत्री फिजिकल एकेडमी पहुंचे। यहां भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से उन्होंने संवाद किया। युवाओं के अनुशासन, मेहनत और देश सेवा के जज्बे की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इसके बाद प्रभारी मंत्री पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वहां भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दोपहर में उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में ‘तब और अब’ विषय पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। बच्चों ने विकसित भारत पर चित्रकला और रंगोली बनाई। प्रभारी मंत्री ने बच्चों से संवाद किया और विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, यूपीआई और जन-धन जैसी योजनाओं से भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान भी किया।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



