
नरेंद्रनगर में मंच पर हुई टिप्पणी को बताया अनुचित, दलेर मेहंदी की सेहत और गायिकी के प्रति समर्पण का किया जिक्र
नरेन्दनगर। उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान उपजे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। उनके छोटे भाई और मशहूर गायक मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मंच पर दलेर मेहंदी को लेकर की गई टिप्पणी को निराशाजनक बताते हुए अपने भाई का खुलकर बचाव किया।
मंगलवार सुबह साझा किए गए वीडियो में मीका सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान एक मंत्री ने मंच पर आकर दलेर मेहंदी पर शराब पीने का आरोप लगाया, जो उनके मुताबिक उचित नहीं था। मीका ने कहा कि वह अपने भाई को अच्छी तरह जानते हैं और उनके अनुसार दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने इस दावे पर जोर देते हुए कहा कि यदि किसी ने उन्हें शराब पीते हुए देखा हो, तो वह गायिकी छोड़ने तक को तैयार हैं।
मीका सिंह ने अपने भाई की सेहत का जिक्र करते हुए बताया कि दलेर मेहंदी पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ चल रहे हैं और अभी भी स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ लगातार कार्यक्रमों में प्रस्तुति दे रहे हैं। मीका का कहना था कि विपरीत स्वास्थ्य परिस्थितियों के बीच भी संगीत के प्रति समर्पित कलाकार के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
विवाद के बीच मीका सिंह ने मंच पर प्रस्तुति के दौरान बैकिंग ट्रैक के इस्तेमाल को लेकर उठने वाले सवालों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आजकल कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियों में बैकिंग ट्रैक का सहारा लेते हैं, लेकिन इस विषय पर सभी से समान रूप से सवाल नहीं किए जाते। ऐसे में उनके भाई को निशाना बनाया जाना उन्हें उचित नहीं लगा। मीका ने दलेर मेहंदी को देश के बड़े सुपरस्टार गायकों में शामिल बताते हुए आशंका जताई कि उनकी लोकप्रियता भी उन्हें निशाना बनाए जाने की वजह हो सकती है।
गौरतलब है कि नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल की टिप्पणी के बाद विवाद चर्चा में आया था। अब मीका सिंह की प्रतिक्रिया से यह मामला फिर सुर्खियों में है। उन्होंने अपने बयान के जरिए भाई के प्रति समर्थन जताते हुए कलाकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार की जरूरत पर जोर दिया है। हालांकि, शराब पीने और प्रस्तुति से जुड़े आरोपों तथा दावों की पुष्टि mero uttarakhandnews.com नहीं करता है।



