
ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में गुरुवार को पांचवें व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में एमबीबीएस के वर्ष 2026 बैच के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने मेडिकल प्रोफेशन की शपथ ली। इस दौरान भावी चिकित्सकों को सफेद कोट की गरिमा, चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारी और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता एवं सेवाभाव बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित समारोह में दिल्ली एम्स के निदेशक प्रो. निखिल टंडन और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि व्हाइट कोट केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, समर्पण और जवाबदेही का प्रतीक है। डॉक्टर बनने के साथ ही विद्यार्थियों पर देश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और प्रत्येक मरीज के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी निभाने का दायित्व भी बढ़ जाता है। उन्होंने महर्षि चरक की चिकित्सा परंपराओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत कर उत्कृष्ट चिकित्सक बनने का आह्वान किया।
आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि विद्यार्थियों को भारतीय चिकित्सा ज्ञान और उसके मूल्यों से प्रेरणा लेकर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि शोध के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।
एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि व्हाइट कोट सेरेमनी मेडिकल विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों और नैतिक मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे विद्यार्थियों में चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार के प्रति भी रुचि विकसित होगी। इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने नवोदित चिकित्सकों को महर्षि चरक शपथ दिलाई।

37 फैकल्टी और 14 मेडिकल छात्र हुए सम्मानित
व्हाइट कोट सेरेमनी के साथ ही संस्थान में वार्षिक रिसर्च डे का भी आयोजन किया गया। डीन रिसर्च प्रो. संजीव मित्तल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर संस्थान में संचालित विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 37 फैकल्टी सदस्यों और 14 मेडिकल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। डॉ. नेहा सिंह और डॉ. राकेश सहित शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले शोधकर्ताओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष प्रो. राज बहादुर, डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय और डीन रिसर्च प्रो. संजीव कुमार मित्तल ने भी संबोधित किया। डॉ. वंदना धींगरा के संचालन में आयोजित समारोह में प्रो. लतिका मोहन, प्रो. सोमप्रकाश वासु, प्रो. पंकज कंडवाल, प्रो. रविकांत, प्रो. उत्तम कुमार नाथ, डीडीए लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा सहित विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और मेडिकल छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



