
राजस्व वसूली, लाइन लॉस और बिजली चोरी पर कड़ी निगरानी के दिए निर्देश
देहरादून। उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कुमाऊं क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के दौरान काशीपुर, हल्द्वानी और खटीमा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, बिजली चोरी की रोकथाम तथा विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत काशीपुर से हुई। यहां एमडी ने राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, विद्युत चोरी की रोकथाम और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लाइन लॉस को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम करने के लिए फील्ड स्तर पर सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा।
स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रांतियां दूर कीं
काशीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान पीसी ध्यानी ने स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और भ्रांतियों पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल फोन पर अपनी विद्युत खपत और रीडिंग की निगरानी कर सकते हैं। इससे उपभोक्ता अपनी खपत को नियंत्रित कर बिजली की बचत भी कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भ्रामक है। उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

देर रात तक चली समीक्षा बैठक
काशीपुर के बाद एमडी शुक्रवार देर रात हल्द्वानी पहुंचे। यहां नैनीताल और रामनगर खंडों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक देर रात करीब 1:30 बजे तक चली। इसके बाद शनिवार को हल्द्वानी में रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर और हल्द्वानी मंडलों की मैराथन समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइन लॉस में कमी, राजस्व संग्रहण, बिजली चोरी की रोकथाम, उपभोक्ता सेवाओं और विभिन्न योजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
दीपावली से पहले विद्युत तंत्र दुरुस्त करने के निर्देश
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए एमडी ने लाइन और विद्युत तंत्र का आवश्यक मेंटेनेंस समय से पूरा करने, खराब पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा करंट लीकेज जैसी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। मेंटेनेंस कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर भी जोर दिया।
उपभोक्ता सेवाओं की समीक्षा के दौरान सही और समय पर बिल उपलब्ध कराने, नए विद्युत कनेक्शन शीघ्र जारी करने तथा आरडीएसएस के तहत स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने फील्ड स्तर पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान और सेवा वितरण में जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।

एडीबी से 9 हजार करोड़ की वित्तीय सहायता के प्रयास
एमडी ने बताया कि विद्युत ढांचे को मजबूत करने और भविष्य में बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए नए विद्युत संयंत्रों तथा आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से करीब 9,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त करने की दिशा में कार्य चल रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करना है। अधिकारियों की उपस्थिति, कार्य के प्रति गंभीरता और समयबद्ध निष्पादन को लेकर भी उन्होंने कड़े निर्देश दिए।
दौरे के अंतिम चरण में पीसी ध्यानी ने खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव महोत्सव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का भ्रमण एवं निरीक्षण किया तथा आयोजन स्थल पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया।



