
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नथीराम के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में बसपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। देहरादून स्थित बलबीर रोड पार्टी मुख्यालय में आयोजित भव्य जॉइनिंग कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया।
हरिद्वार में मिथक टूटने का दावा
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले का पुराना राजनीतिक मिथक भी टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की हैट्रिक लगना तय है। श्री भट्ट ने कहा, “कमल थामने वालों का यह सैलाब बताता है कि जो कसक मिथक तोड़ने की हरिद्वार में रह गई थी, वह इस बार पूरी होगी। मोदी और धामी के नेतृत्व में जारी विकास यात्रा में लोग पीढ़ियों पुराना दलीय साथ छोड़कर खुद आगे आ रहे हैं।”

इन प्रमुख नेताओं ने छोड़ी बसपा
डॉ. नथीराम के साथ बसपा छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले प्रमुख नेताओं में जिला प्रभारी फकीरचंद, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व जिला प्रभारी विक्रम सिंह, पूर्व लोकसभा प्रभारी एडवोकेट पदम सिंह, पूर्व विधानसभा प्रभारी सोमपाल प्रधान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार, महेंद्र प्रधान, प्रदेश सचिव राम सिंह कश्यप, दिनेश कुमार, इंजीनियर लखन सिंह प्रधान, सुशील कुमार प्रधान, युवराज प्रधान, नानूराम, अर्जुन सिंह प्रधान, बबलू कुमार कटारिया, मनोज कुमार, तेलु राम, सतीश कुमार, डॉ. वीरेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, जसविंदर सिंह, श्याम लाल, बिट्टू कुमार, सुशील कुमार, सोनू सैनी, ईश्वर चंद, टिकू सैनी सहित बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के नेता मुकर्रम प्रधान, इस्तकार प्रधान, फुरकान प्रधान, लियाकत अली, जावेद अहमद, नौशाद अहमद, जुल्ककर चेयरमैन और इरफान मिस्त्री शामिल रहे।
पीएम मोदी और सीएम धामी के विकास कार्यों की सराहना
नवागंतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि डॉक्टर नथीराम उत्तराखंड में बहुजन समाज पार्टी के एक बड़े और परिपक्व नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग का विकास हो रहा है। गरीबों के लिए मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक का इलाज, पक्के मकान, शौचालय, उज्ज्वला योजना और सड़कों के जाल जैसी योजनाओं ने आम जनता का जीवन बदला है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि साठ साल तक देश में परिवारवाद की सरकारें रहीं, लेकिन जनता ने उस बपौती को तोड़कर एक गरीब परिवार के बेटे को लगातार तीन बार प्रधानमंत्री के रूप में चुना है।

अल्पसंख्यक समाज के जुड़ाव पर बोले भट्ट
बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोगों के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए श्री भट्ट ने कहा कि विपक्ष हमेशा डराकर राजनीति करता है, लेकिन अब समाज का यह वर्ग भी सच्चाई को पहचान चुका है। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में मुस्लिम मतदाता बड़ी संख्या में हैं, वहां भी आज भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज कर रहे हैं, क्योंकि वहां के लोगों को यह अहसास हो गया है कि भाजपा से दूरी बनाकर विपक्ष उनका नुकसान कर रहा है। इस बार देवभूमि में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में भी कमल न खिलने का मिथक टूटेगा।
मुख्यधारा के विकास से जुड़ना चाहते थे: डॉ. नथीराम
भाजपा में शामिल होने के बाद डॉ. नथीराम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूरी लीडरशिप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबा समय बसपा में रहकर समाज की सेवा की, लेकिन मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों से आंखें फेरना संभव नहीं था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य का बहुजन समाज अब भाजपा के साथ मिलकर सुशासन और विकास को गति देने के लिए पूरी एकजुटता से कार्य करेगा और पार्टी द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएगा।
इस जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व सांसद हरपाल साथी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, हरिद्वार जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा और भोगपुर मंडल अध्यक्ष सुशील पंवार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



