
किच्छा/देहरादून।स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और कोतवाली किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में लगभग 35 लाख रुपये मूल्य की 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर उसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित करने के लिए लगातार इनपुट विकसित किए जा रहे थे। इसी क्रम में STF और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने जनपद ऊधमसिंह नगर के थाना किच्छा क्षेत्र में कार्रवाई की और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 35 लाख रुपये बताया जा रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार अभियुक्त खलीक अहमद और जीतेंद्र उक्त अफीम झारखंड से खरीदकर लाए थे। दोनों की निवासी उत्तर प्रदेश के बदायूं और बरेली जनपदों में बताई गई है। पुलिस अभियुक्तों से अफीम की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी का नेटवर्क तथा वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। STF द्वारा आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच भी जारी है।
पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए STF की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री से जुड़ी कोई भी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




