
हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी और छिदरवाला-गुमानीवाला में चला सघन प्रवर्तन अभियान, करीब 5 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
ऋषिकेश। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम ने दो नवंबर और तीन नवंबर को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त देहरादून के आदेश पर आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी और छिदरवाला-गुमानीवाला क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और कुल मिलाकर करीब 5 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पहली कार्रवाई दो नवंबर की रात हरिपुर कलां में दबिश देकर की गई। यहां एक महिला और एक पुरुष को हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब की दो पेटी के साथ पकड़ा गया। इसके बाद तीन नवंबर को टीम ने अवैध शराब बेचते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 40 बीयर, 60 पव्वे और 10 हाफ अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में हिसार, हरियाणा निवासी सागर पुत्र हरीश, हरिपुर कलां, ऋषिकेश निवासी प्रीति पत्नी सुनील, हरिपुर कलां, देहरादून निवासी चंद्रप्रकाश कांता प्रसाद और थानो, रायवाला (देहरादून) निवासी ओमप्रकाश पुत्र दिलीप सिंह शामिल हैं। आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश और अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, सोनम पवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।




