
हल्द्वानी। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट और कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना बनभूलपुरा क्षेत्र से नशीली दवाओं की तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनमें 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी (23), पुत्र अयूब कुरैशी, निवासी लाइन नंबर-17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर-25, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। STF को नशे के अवैध कारोबार से जुड़े इनपुट मिलने के बाद कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई।
आपूर्ति शृंखला की जांच जारी
एसएसपी STF द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों व नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लगातार सक्रिय है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और वितरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में STF की ओर से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, मुख्य आरक्षी वीरेंद्र चौहान व आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि कोतवाली बनभूलपुरा की ओर से निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, उपनिरीक्षक जगबीर सिंह और आरक्षी सुनील कुमार टीम में शामिल थे।
STF ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों व नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके और अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।



