
देहरादून। देहरादून के पॉश इलाके में स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त छापेमारी के बाद जो सच सामने आया, वह किसी को भी झकझोर देने के लिए काफी है। जिस रेस्टोरेंट में VVIP और गणमान्य अतिथियों का आना-जाना लगा रहता है, वहां खुलेआम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। औचक निरीक्षण के दौरान रसोईघर से लेकर स्टोर रूम तक गंदगी का साम्राज्य मिला, जहां सड़ी-गली सब्जियों के बीच कॉकरोच और चूहे बेखौफ घूम रहे थे। हालात इतने भयावह थे कि अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को सील करना पड़ा और प्रबंधन को 14 दिन का कड़ा इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण टीम जब रसोई और फ्रीजर के भीतर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद चौकाने वाला था। डीप फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च और आलू जैसी सब्जियां पूरी तरह सड़ी-गली अवस्था में पाई गईं। इसके अलावा दो दिन पुराने चावल, तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और एक हफ्ता पुराना मोमोज-चाउमीन का सामान खुले बर्तनों में रखा मिला। मसालों की थैलियों को चूहों ने कुतर रखा था और स्टोर रूम से लेकर बर्तन धोने के क्षेत्र तक जगह-जगह भारी गंदगी और जाम नालियों का बदहाल ड्रेनेज सिस्टम मिला।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बासी चावल, सड़ी सब्जियां और पुराना चिकन करी नष्ट कराया तथा पनीर, दूध व तैयार भोजन के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि तय 14 दिनों के भीतर मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो रेस्टोरेंट का लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द करने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



