
पुताई के काम के बहाने घर पहुंचा था आरोपी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून । राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगोत्री विहार में घर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में 39 वर्षीय नीरज खंतवाल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुताई का काम करने के सिलसिले में पीड़ित के घर आया था और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, गंगोत्री विहार, कैनाल रोड निवासी अक्षय अहलुवालिया ने 15 अक्टूबर को रायपुर थाने में घर से आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध आभूषणों के साथ मंदाकिनी विहार स्थित कंडोली ग्राउंड के पास खड़ा है और उन्हें बेचने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नीरज खंतवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के आभूषण बरामद किए गए।

नशे की लत के चलते चोरी करने की बात कही
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुताई का काम करता है और इसी सिलसिले में पीड़ित के घर आया था। इस दौरान मौका देखकर उसने आभूषण चोरी कर लिए। आरोपी उन्हें बेचने के लिए बाहर जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और उसने नशे की लत के चलते चोरी करने की बात कही है। वह पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
ये आभूषण हुए बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु और एक सफेद धातु की डायमंड जड़ित अंगूठियां, पीली धातु का एक कान का टॉप्स तथा पीली धातु के एक जोड़ी झुमके बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, चौकी प्रभारी मयूर विहार, सहायक उपनिरीक्षक ए.के. बलूनी, हेड कांस्टेबल रविंद्र रावत, दीप प्रकाश और प्रेम पवार तथा कांस्टेबल मुकेश कंडारी, मनोज और दीपक शामिल रहे।



