
देहरादून । एलटी के 585 चयनित अभ्यर्थियों की लंबित नियुक्ति का मामला एक बार फिर चर्चा में है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नियुक्ति संबंधी फाइल पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। मंत्री के इस आश्वासन के बाद नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने खुशी जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
अभ्यर्थियों ने इस मौके पर शिक्षा निदेशालय परिसर में ‘धन्यवाद वृक्षारोपण’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत उन्होंने मंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए पांच पौधे रोपे। अभ्यर्थियों ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी होने से चयनित शिक्षकों को विद्यालयों में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा। इससे विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिल सकती है।
धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आएगी और सभी 585 चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब सरकार की ओर से मिले आश्वासन से उन्हें सकारात्मक उम्मीद जगी है।
एलटी के सभी 585 चयनित अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप देने की मांग की।



