
देहरादून।उत्तराखंड के प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) ने देहरादून के आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड में अपनी नई अत्याधुनिक इन्क्यूबेशन फैसिलिटी का उद्घाटन किया है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने इस सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रदेश के आईटी एवं सुशासन मंत्री प्रदीप बत्रा, कृषि मंत्री गणेश जोशी, आईटी सचिव पंकज पांडे और STPI के महानिदेशक अरविंद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
30 हजार वर्ग फुट में चार मंजिला अत्याधुनिक सुविधा
नई फैसिलिटी लगभग 30,000 वर्ग फुट में चार मंजिलों पर विकसित की गई है। इसमें अर्ध-सुसज्जित कार्यालय, हाई-स्पीड इंटरनेट, वातानुकूलित कार्यस्थल, एक ऑडिटोरियम, दो मीटिंग रूम, दो कॉन्फ्रेंस रूम और नेटवर्क ऑपरेशंस सेंटर (NOC) जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इससे पहले देहरादून आईटी पार्क में STPI की 19,533 वर्ग फुट की फैसिलिटी संचालित हो रही थी, अब नई फैसिलिटी से क्षमता में बड़ा विस्तार होगा।

विकसित भारत में प्रौद्योगिकी की अहम भूमिका : जितिन प्रसाद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में प्रौद्योगिकी और व्यापार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने तकनीकी आत्मनिर्भरता और सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 1,700 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं और यह नई पहल निवेश, रोजगार और युवाओं की प्रतिभा को बढ़ावा देगी। उन्होंने काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का भी जिक्र किया।
आईटी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लिए सोच और बुनियादी ढांचे दोनों में बदलाव जरूरी है। वहीं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून में बेंगलुरु और हैदराबाद जैसा बड़ा IT हब बनने की क्षमता है।
17 स्टार्टअप्स को 4.25 करोड़ की सीड फंडिंग
STPI देहरादून नेक्स्ट जनरेशन इन्क्यूबेशन स्कीम (NGIS) के तहत भी स्टार्टअप्स को बढ़ावा दे रहा है। अब तक 52 स्टार्टअप्स का चयन किया गया है, जिनमें से 17 को कुल 4.25 करोड़ रुपये की सीड फंडिंग और 26 से अधिक को 90-90 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया गया है।



