
देहरादून।राज्य के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित कार्यालय में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगर निगम की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और फॉगिंग समेत विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
कूड़ा उठान और नालियों की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर व्यवस्था हर हाल में सुचारू की जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को 15 अक्टूबर तक शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के पूर्व में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी, सीवर लाइन तथा हरिद्वार रोड पर प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था और परेड ग्राउंड व पलटन बाजार क्षेत्र के लंबित कार्यों की प्रगति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

बैठक में स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर मंत्री खजान दास ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी बैठकों में गंभीरता नहीं दिखाएंगे, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।



