
इंदिरा नगर में आयोजित समारोह में महिलाओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किए, बोले अभिनव थापर– समाज की वास्तविक शक्ति हैं महिलाएं
देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग पॉइंट में गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अभिनव थापर की ओर से भव्य ‘मातृशक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दे रही महिलाओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, भोजन माताओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अभिनव थापर ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उन महिलाओं में निहित है, जो बिना किसी पद या प्रतिष्ठा की अपेक्षा के दिन-रात समाज की सेवा में जुटी रहती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाती हैं। वहीं आशा वर्कर्स स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने और माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भोजन माताएं विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और भविष्य को संवारने में योगदान देती हैं।

उन्होंने कहा कि इन महिलाओं का योगदान समाज की बुनियाद को मजबूत करता है। इनके अथक परिश्रम, सेवा और समर्पण के बिना स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज की कल्पना संभव नहीं है। कांग्रेस पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभिनव थापर ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उन महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनका योगदान अक्सर मंचों और चर्चाओं से दूर रह जाता है। मातृशक्ति का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उनके संघर्ष को समझने के साथ ही उनके अधिकारों की आवाज भी बुलंद की जाए और उन्हें समाज में उचित पहचान एवं सम्मान दिलाया जाए।
समारोह में आशाओं की प्रदेश अध्यक्ष शिवा दुबे, अनीता दास, विमलेश वर्मा, कामिनी कश्यप, राखी गुप्ता, उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिला संयोजिका मधु पुंडीर, जिला अध्यक्ष तन्नू बम्बा, मीडिया प्रभारी गीता चौहान, सविता पुंडीर, संगीता भट्ट, सुनीता, निर्मला शर्मा और रीटा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पिया थापा, पार्षद संगीता गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सोशल मीडिया विभाग के महानगर अध्यक्ष गुरचरण कौशल, मधुसूदन सुंदरियाल और स्वाती नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भारती जोशी ने किया। अंत में अभिनव थापर ने सभी अतिथियों और सम्मानित महिलाओं का आभार व्यक्त किया।




