
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत शीर्ष गणमान्य व्यक्तित्व रहे उपस्थित
देहरादून/थानो (लेखक गांव)। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करते हुए ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड पहुंचे युवा प्रतिनिधिमंडल ने आज थानो स्थित ‘लेखक गांव’ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति वाले इस भव्य मंच पर कला, साहित्य एवं संस्कृति से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल के युवाओं ने सक्रिय और ऊर्जावान भागीदारी निभाई।
शीर्ष नेतृत्व का संबोधन
महोत्सव के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टमटा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने युवा प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से प्रारंभ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं ‘युवा संगम’ कार्यक्रम देश की विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और पश्चिम बंगाल की समृद्ध साहित्यिक-सांस्कृतिक धरोहर के बीच यह अंतर-राज्यीय संवाद युवाओं को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने डेलीगेट्स का हार्दिक अभिनंदन किया।
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि युवा संगम प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो युवाओं को भारत की ज्ञान परंपरा एवं विविधता से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ता है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री टमटा ने कहा कि सांस्कृतिक एवं साहित्यिक आदान-प्रदान से युवाओं को अन्य राज्यों की विकास यात्रा, परंपराओं और धरोहरों को गहराई से समझने का अवसर मिलता है।

कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव की बात है कि वह उत्तराखंड के नोडल संस्थान के रूप में इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का कुशल संचालन कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह भ्रमण युवाओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से मुख्यमंत्री का सम्मान
इस अवसर पर एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. महावीर सिंह नेगी ने माननीय मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया तथा युवा संगम के उद्देश्यों और विश्वविद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
प्रेरणा से गदगद युवा प्रतिनिधि
आईआईटी खड़गपुर के प्राध्यापकों एवं दल के साथ पहुंचे पश्चिम बंगाल के डेलीगेट्स ने विश्वभर से आए विचारकों और साहित्यकारों से उच्चस्तरीय संवाद स्थापित किया। शीर्ष जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और विदेशी प्रतिनिधियों से बातचीत कर छात्र-छात्राएं गदगद नजर आए। युवाओं ने कहा कि इस दौरे से उन्हें राष्ट्र निर्माण और अंतर-सांस्कृतिक समझ के लिए असीम प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम में एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय एवं आईआईटी खड़गपुर के संकाय सदस्य तथा समन्वयक भी उपस्थित रहे और समस्त गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।



