
पीजी और पीएचडी अभ्यर्थी 10 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन, पंजीकरण शुल्क 1500 रुपये निर्धारित
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह एक दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए पात्र अभ्यर्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 10 नवंबर तक विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपाधि प्राप्त करने के पात्र होंगे। इसके अलावा पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके शोधार्थी भी समारोह में शामिल हो सकेंगे। ऐसे शोधार्थी, जिनकी मौखिक परीक्षा (वाइवा-वॉइस) 20 नवंबर 2026 तक संपन्न हो जाएगी, वे भी उपाधि प्राप्त करने के पात्र होंगे।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के सभी विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विजेताओं को समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपाधि और पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में शामिल होने के लिए प्रति अभ्यर्थी 1500 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल https://online.hnbgu.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं।
30 नवंबर को पूर्वाभ्यास में शामिल होना अनिवार्य
दीक्षांत समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने वाले सभी पीजी और पीएचडी अभ्यर्थियों के लिए 30 नवंबर को आयोजित पूर्वाभ्यास में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है। पूर्वाभ्यास के दिन सुबह 10:30 बजे से चौरास परिसर स्थित कंप्यूटर विज्ञान विभाग में समारोह के लिए निर्धारित पोशाक वितरित की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में अपना नाम परीक्षा अभिलेखों के अनुसार अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में भरने और सभी आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। अधूरे या गलत आवेदन पत्र निरस्त किए जा सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से समारोह में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की उपाधियां समारोह के बाद डाक से भेजी जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को पंजीकरण, दीक्षांत समारोह और पूर्वाभ्यास से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://www.hnbgu.ac.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।
यहां देखें नोटिफिकेशन





