
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के प्रयासों से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिए जाने के आदेश जारी हो गए हैं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस हेतु मोर्चा ने प्रमुख सचिव (ऊर्जा) श्रीमती आर. मीनाक्षी सुंदरम एवं एमडी, यूपीसीएल श्री प्रकाश ध्यानी का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
नेगी ने कहा कि कुछ समय पूर्व मोर्चा द्वारा प्रमुख सचिव ऊर्जा से मुलाकात कर उपनल के माध्यम से यूपीसीएल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ दिलाने की मांग रखी गई थी। उन्होंने बताया कि उपनल कर्मचारियों के मामले में जनहित याचिका संख्या 116/2018 (कुंदन सिंह बनाम उत्तराखंड राज्य एवं अन्य) में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उपनल के माध्यम से कार्यरत/प्रायोजित कार्मिकों को समान कार्य-समान वेतन देने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में शासन द्वारा 3 फरवरी 2026 को सभी विभागों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के निर्देश जारी किए गए थे।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में लगभग सभी विभागों एवं निगमों द्वारा पूर्व सैनिकों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के निर्देश का अनुपालन कर लिया गया था, लेकिन ऊर्जा विभाग के तीनों निगमों—यूपीसीएल, यूजेवीएनएल एवं पिटकुल—द्वारा उक्त आदेश का अनुपालन नहीं किया जा रहा था। मोर्चा के लगातार प्रयासों के बाद अब यूपीसीएल ने आदेश जारी कर दिए हैं।
नेगी ने आगे कहा कि पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को भी बहुत शीघ्र समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिलने लगेगा। मोर्चा इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और जल्द ही शेष निगमों में भी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
यहां देखें आदेश




