
उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय सीमांत जनपद भ्रमण के पहले दिन शुक्रवार को उत्तरकाशी की सामरिक और सामाजिक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी, सर्वशक्ति सीएलएफ के कलेक्शन सेंटर और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का दौरा किया।
दौरे की शुरुआत में मुख्य सचिव चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। चीन सीमा से निकटता के चलते यह हवाई पट्टी सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। वायुसेना के संचालन के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू और वीवीआईपी आवाजाही में भी इसकी अहम भूमिका है।
इसके बाद मुख्य सचिव विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के सहयोग से वे बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन और अचार निर्माण जैसे कार्य कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्य सचिव ने उनके उत्पादों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह महंत मौजूद रहे।
बाद में मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें उच्च लक्ष्य, अनुशासन और निडरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लैब, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था देखी और दूरस्थ विद्यालयों में आधुनिक संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। लंबी कूद में राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शुभम, उत्कृष्ट छात्र लविश और अस्मित तथा हाईस्कूल टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




