
तमटारा कैफे की रसोई में गंदगी और निर्देशों की अनदेखी पर मुकदमे की तैयारी, आयुक्त ने कहा—जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
देहरादून । दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी से हेज़लनट चॉकलेट केक और क्रीम के नमूने लिए गए, जबकि प्रिंसटिन ब्रांड के पैक्ड फूड सिरप का नमूना भी जांच के लिए सील किया गया। वहीं, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने तथा सुधार संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की गई है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र की टीम ने एडीज बेकरी का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, केक, क्रीम और पैक्ड फूड सिरप के नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने अधोमानक या असुरक्षित पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में जरूरी दस्तावेज नहीं मिले
एडीज बेकरी के निरीक्षण के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस से संबंधित दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग का कहना है कि खाद्य कारोबार में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं।
तमटारा कैफे के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर होगा
अभियान के दौरान तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी पाए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग के मुताबिक, प्रतिष्ठान को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि संचालक ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के तहत वाद दायर करने की स्वीकृति दी गई है। विभाग के अनुसार, अगले कार्यदिवस में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी, देहरादून के न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।
त्योहारों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर रहेगी नजर
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना जांच की कार्रवाई तेज की गई है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला जांच में नमूने अधोमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।



