
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, रोशनाबाद स्थित वेयरहाउस में रोज सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी एफएलसी प्रक्रिया
हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार जिले में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू होगी। यह प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर, रोशनाबाद स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा पूरी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जांच प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। यह प्रक्रिया रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी। जांच का कार्य समाप्त होने तक संचालित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को भेजकर इस प्रक्रिया का साक्षी बनने की अपील की है।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक सामान्य निर्वाचन और उपचुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच कराई जाती है। निर्वाचन में उन्हीं मशीनों का उपयोग किया जाता है, जो जांच के दौरान निर्धारित मानकों पर खरी उतरती हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मशीनों की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।
एफएलसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जांच प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के अलावा उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी, ताकि निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पारदर्शिता के साथ पालन सुनिश्चित हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। प्रशासन के अनुसार, प्रतिनिधियों की मौजूदगी से जांच प्रक्रिया के अवलोकन और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।
एफएलसी से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल ऑन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, संस्करण-9 (अगस्त 2026) के अध्याय-2 में दिए गए हैं। यह मैनुअल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm-vvpat पर उपलब्ध है।



