
चमोली । विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत चमोली में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 23 अक्टूबर से शुरू होगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में एफएलसी, सुरक्षा व्यवस्था और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एफएलसी ईवीएम वेयरहाउस में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगी। सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी जांच जारी रहेगी और पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न की जाएगी। किसी दल का प्रतिनिधि लगातार तीन दिन अनुपस्थित रहता है तो संबंधित दल को पत्र के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
एफएलसी में शामिल होने के लिए अधिकृत प्रतिनिधियों को 22 अक्टूबर तक अपने दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो, पार्टी अध्यक्ष या महासचिव का अधिकृत पत्र, आधार कार्ड अथवा वोटर कार्ड की प्रति और मोबाइल नंबर जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने होंगे। इसके आधार पर परिचय पत्र जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। एफएलसी हॉल में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिनिधियों को मोबाइल निर्धारित काउंटर पर जमा कराने होंगे। हॉल में एक समय में अधिकतम तीन मोबाइल फोन की अनुमति होगी – दो मशीनों की स्कैनिंग और एक ईसीआई इंजीनियरों के उपयोग के लिए।
जिले में वर्तमान में 1,130 बैलेट यूनिट, 1,400 कंट्रोल यूनिट और 1,294 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं।
बैठक में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली 12 नवंबर को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने, प्रविष्टियों में संशोधन या अन्य दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती तथा कांग्रेस, भाजपा और सीपीएम के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



