
देहरादून। नशे की लत के चलते जल्द पैसा कमाने के लालच में अपराध की ओर बढ़ने वाले आठ युवकों को दून पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में गिरफ्तार किया है। एक मामले में बिधौली स्थित बंद पड़े हॉस्टल से बेड व अलमीरा चोरी करने वाले चार आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि दूसरे मामले में पटेलनगर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में चोरी व छीनी गई संपत्ति तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
हॉस्टल से बेड-अलमीरा चोरी
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को रजत दुआ ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर दी कि बिधौली स्थित उनके दुआ ब्वायज हॉस्टल से लकड़ी के बेड, अलमीरा व अन्य सामान चोरी हो गया। इस पर मुकदमा संख्या 219/26, धारा 305, 331(4), 317(2) व 3(5) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर चार आरोपियों—आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और कबाड़ी असलम—को कांसवाली रोड, तल्ली कंडोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी किए गए चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमीरा बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी आदित्य शर्मा ने बताया कि नशे की लत के कारण उस पर कर्ज का दबाव था। अगस्त में उसने बंद पड़े हॉस्टल में बेड, अलमारी, गीजर व अन्य सामान देखकर चोरी की योजना बनाई। उसने जोगेंद्र और सचिन को साथ जोड़ा तथा कबाड़ी असलम से चोरी का माल बेचने की सहमति ली। आरोपियों ने ताला तोड़कर सामान चुराया और बेड-अलमीरा बेच दी। पुलिस के अनुसार, घटना में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है।

चेन स्नैचिंग का खुलासा
इसी तरह कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में 7 अक्टूबर को अरविंद सिंह के भाई से स्कूटी सवार बदमाशों ने एकांत स्थान पर मारपीट कर सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया था। इस मामले में मुकदमा संख्या 746/2026, धारा 115(2), 309(6), 351(2) व 352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
11 अक्टूबर को आईएसबीटी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग स्कूटियों पर सवार चार संदिग्धों—हन्नान, अभिषेक सिंह, आरिफ अली और समीर—को रोका। तलाशी में टूटी हुई सोने की चेन, नगदी और छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसे की जरूरत के चलते उन्होंने यह घटना की। उन्होंने चेन का आधा हिस्सा बेचकर 34,500 रुपये प्राप्त किए थे। पुलिस ने छीनी गई चेन, मोबाइल, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त दो स्कूटियां बरामद कीं। आरोपी आरिफ का मादक पदार्थ तस्करी और अभिषेक का मारपीट व अन्य आपराधिक मामलों में जेल जाने का इतिहास सामने आया है।

पुलिस ने कहा है कि अपराधियों और नशे में लिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों घटनाओं में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



