
सीसीटीवी, पैनिक बटन और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा
देहरादून । आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दून पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिस कार्यालय में ज्वैलर्स एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में ज्वैलर्स को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सभी ज्वैलर्स को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और पहले से लगे कैमरों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। किसी कैमरे के खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रतिष्ठानों में पुलिस सायरन और पैनिक बटन लगाने के साथ सुरक्षा गार्ड तथा रात के समय क्षेत्र में चौकीदार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा नए कर्मचारी की नियुक्ति से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जानकारी प्राप्त करने को कहा।
बैठक में ज्वैलर्स को संबंधित हल्का प्रभारी और बीट कर्मचारी का मोबाइल नंबर अपने पास रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जा सके। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
बैठक के दौरान ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई और उनके सुझाव प्राप्त किए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी सीजन में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।



