
रायपुर में खुलेआम शराब पीने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 4,250 रुपये का जुर्माना वसूला
देहरादून । सड़क किनारे और वाहनों में बैठकर खुलेआम शराब पीना 17 लोगों को भारी पड़ गया। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 17 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया। यहां सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 4,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत भी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने मंगलवार को रिंग रोड, किद्दूवाला, रायपुर बाजार, मालदेवता रोड समेत विभिन्न संवेदनशील और एकांत स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को कई लोग सार्वजनिक स्थानों पर खुले में और वाहनों में बैठकर शराब पीते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया और नियमानुसार कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने होटल संचालकों, ढाबा संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को खुलेआम शराब पीने की अनुमति न दें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



