
पटेलनगर क्षेत्र में 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले तीन लोगों का भी किया भौतिक सत्यापन
देहरादून । केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आमजन की सुरक्षा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के सभी अंतर्जनपदीय और अंतरराज्यीय बैरियरों के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस टीमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच कर रही हैं।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सीमावर्ती चेकपोस्टों पर बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच और सत्यापन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। होटल, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में भी पुलिस की अलग-अलग टीमें पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
इसी अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने देहराखास, बंजारावाला, चमनपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में निवास कर रहे किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान 400 से अधिक किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए अथवा जमानत पर चल रहे तीन अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 25 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की। इन भवन स्वामियों पर कुल 2 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे जनपद में चेकिंग, गश्त और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने मकान मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।




