
देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जिले भर में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान जारी है। इसी क्रम में दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 13.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सहसपुर पुलिस की कार्रवाई
दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान थाना सहसपुर पुलिस ने काली मंदिर केदारवाला के पास से एक तस्कर आदर्श (उम्र 27 वर्ष) पुत्र स्व. जयपाल, निवासी केदारवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके पास से लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य की 7.85 ग्राम अवैध स्मैक और 9,870 रुपये नगद बरामद हुए। अभियुक्त के खिलाफ थाना सहसपुर में मु.अ.सं. 262/26 धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विकासनगर में हिस्ट्रीशीटर तस्कर चढ़ा हत्थे
दूसरी कार्रवाई में कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम ने देहरादून-पोंटा राजमार्ग पर कुंजा जाने वाले प्राथमिक विद्यालय के समीप से इश्तकार (उम्र 32 वर्ष) पुत्र स्व. अल्ताफ, निवासी कुंजा ग्रांट को 5.58 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये) के साथ धर दबोचा। अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 312/2026 धारा 8/21 NDPS एक्ट में मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि अभियुक्त इश्तकार शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी आबकारी अधिनियम तथा गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।
एसएसपी दून ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



